भोपाल, 6 अक्टूबर।
भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित मुख्यमंत्री यूथ कॉन्क्लेव 2026 में मंगलवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सामने एक रोबोट पहुंचा। रोबोट ने मुख्यमंत्री से हाथ मिलाया और उनके साथ कदमताल भी की। कार्यक्रम में रोबोट और मुख्यमंत्री का यह अंदाज आकर्षण का केंद्र रहा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने युवाओं से सीधे संवाद किया और उनके सवालों के जवाब भी दिए। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में शासन प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं और उनके नेतृत्व में युवाओं के सपनों को नए अवसर मिल रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश देश के सबसे युवा प्रदेशों में है और यहां बेरोजगारी की दर भी सबसे कम है। अलग-अलग सरकारी पदों पर 85 हजार युवाओं को नौकरी मिली है। उन्होंने बताया कि अगले वर्ष युवा वर्ष के दौरान मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग की दो परीक्षाएं कराई जाएंगी। इसके साथ 12 नए मेडिकल कॉलेज और 12 नई यूनिवर्सिटी शुरू की जाएंगी।
युवाओं से संवाद के दौरान ओरिएंटल कॉलेज की छात्रा आयशा खान ने जैविक और बड़े स्तर पर खेती के लिए युवाओं को प्रोत्साहित करने को लेकर सवाल किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के युवा ड्रैगन फ्रूट से मशरूम तक खेती में नए प्रयोग कर रहे हैं। गेहूं उपार्जन में मध्यप्रदेश देश में पहले स्थान पर है।
कार्यक्रम में गायक जुबिन नौटियाल और कबीर कैफे ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुति के दौरान भीड़ बढ़ने पर कुछ छात्र बैरिकेड और डोम पर चढ़ गए। कुछ छात्र मंच तक भी पहुंच गए, जिन्हें पुलिस ने नीचे उतारा। स्थिति संभालने के लिए भाजपा नेताओं ने भी प्रयास किए।














