लागोस, 06 अक्टूबर।
नाइजीरिया में बेनिन सिटी से लागोस जा रहा सैन्य विमान दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद मृतकों की संख्या 32 हो गई है। विमान में 25 यात्री और चालक दल के सात सदस्य सवार थे। हादसे में किसी के जीवित बचने की पुष्टि नहीं हुई है। राष्ट्रपति बोला टिनूबू ने घटना पर शोक जताते हुए नाइजीरियाई वायुसेना को दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए हैं। बताया गया है कि विमान नियमित मिशन पर था और उड़ान के दौरान एयर ट्रैफिक कंट्रोल का उससे संपर्क टूट गया था।
संपर्क टूटने के बाद सैन्य और बचाव दल ने विमान की तलाश शुरू की। कुछ समय बाद दक्षिण-पश्चिमी नाइजीरिया के तटीय शहर इग्बोकोडा के पास विमान का मलबा मिला। यह क्षेत्र एक नौसैनिक अड्डे के समीप स्थित है। मलबा मिलने के बाद खोज एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा और दुर्घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की गई। विमान एटीआर-42 मॉडल का था और नियमित सैन्य अभियान के तहत उड़ान भर रहा था। अधिकारियों ने हादसे की वजह का पता लगाने के लिए जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है।














