शिमला, 05 अक्टूबर।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 6 से 8 अक्टूबर तक हिमाचल प्रदेश के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वह राज्य में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी।
राष्ट्रपति 6 अक्टूबर को बिलासपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के प्रथम दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। समारोह के दौरान वह संस्थान के विद्यार्थियों को संबोधित करेंगी और उन्हें डिग्री तथा उपाधियां प्रदान करेंगी।
अपने हिमाचल प्रवास के दौरान राष्ट्रपति 7 अक्टूबर को लाहौल-स्पीति जिले में रोहतांग स्थित अटल सुरंग का दौरा भी करेंगी। यह सुरंग सामरिक और परिवहन दोनों दृष्टियों से महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके निर्माण से मनाली और लाहौल-स्पीति के बीच पूरे वर्ष संपर्क सुविधा उपलब्ध हुई है।
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए संबंधित जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। उनके कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।














