इस्लामाबाद, 07 अक्टूबर।
पाकिस्तान के सुरक्षा बलों ने खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में अलग-अलग अभियानों के दौरान 18 आतंकवादियों को मार गिराने का दावा किया है। अधिकारियों के अनुसार, खैबर पख्तूनख्वा के उत्तरी वजीरिस्तान में खुफिया सूचना के आधार पर चलाए गए अभियान में फित्ना-अल-खवारिज से जुड़े 13 आतंकवादी मारे गए। यह कार्रवाई आतंकवाद के खिलाफ शुरू किए गए अज्म-ए-इस्तेहकाम अभियान के तहत की गई। वहीं, बलूचिस्तान के मस्तुंग जिले में सुरक्षा बलों ने फित्ना-अल-हिंदुस्तान से जुड़े पांच आतंकवादियों को मार गिराने का दावा किया है। अभियान के दौरान मारे गए आतंकवादियों के कब्जे से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद होने की बात कही गई है। दोनों संगठनों को पाकिस्तान में प्रतिबंधित बताया गया है।
पाकिस्तानी सरकार तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान से जुड़े आतंकवादियों के लिए फित्ना-अल-खवारिज शब्द का इस्तेमाल करती है। इसी तरह बलूचिस्तान में सक्रिय आतंकवादी समूहों के लिए सरकार ने फित्ना-अल-हिंदुस्तान नाम इस्तेमाल किया है। पाकिस्तानी पक्ष के अनुसार, इस नाम के जरिए भारत पर पाकिस्तान में आतंकवाद और अस्थिरता को बढ़ावा देने का आरोप लगाया जाता है। सुरक्षा बलों की यह कार्रवाई ऐसे समय में सामने आई है, जब पाकिस्तान के विभिन्न हिस्सों में आतंकवादी गतिविधियों के खिलाफ अभियान जारी हैं।














