कलेक्टर ने निर्देश दिए कि विसर्जन से पहले सभी व्यवस्थाओं का अभ्यास कराया जाए। संबंधित विभाग आपसी समन्वय से तैयारियां पूरी करें और मौके पर जांच के दौरान सामने आने वाली कमियों को तत्काल दूर करें।
भारी वाहनों की आवाजाही पर रहेगी निगरानी
विसर्जन के दौरान यातायात सुचारू रखने के लिए भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। एसपी ने प्रतिबंधित क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए तीन स्तरीय व्यवस्था बनाने को कहा। इसके तहत मार्ग परिवर्तन, बैरिकेडिंग और निगरानी के इंतजाम किए जाएंगे।
गोताखोर और बचाव संसाधन रहेंगे तैयार
जानकी कुंड में सुरक्षित विसर्जन के लिए पर्याप्त प्रशिक्षित गोताखोरों, छोटी नावों, हाइड्रा और जेसीबी मशीनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। आपात स्थिति से निपटने के लिए संसाधन तैयार रखने और कर्मचारियों की जिम्मेदारियां पहले से तय करने के निर्देश दिए गए।
रोशनी और बिजली की व्यवस्था पर जोर
कलेक्टर ने विसर्जन स्थल और आसपास पर्याप्त रोशनी तथा निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। विद्युत व्यवस्था की पहले से जांच करने और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक इंतजाम रखने के निर्देश भी दिए गए।
एसपी ने कानून-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की। उन्होंने पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और पूरे आयोजन के दौरान सतत निगरानी रखने को कहा। प्रशासन ने सभी व्यवस्थाओं की पूर्व तैयारी और अभ्यास सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि विसर्जन सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।














