अनूपपुर, 22 अक्टूबर।
मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतमा में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन से लौटते समय ट्रैक्टर से गिरने के कारण 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात बंजारी चौक के पास हुआ। युवक ट्रैक्टर के इंजन और ट्रॉली के बीच बने जोड़ पर बैठा था। अचानक नीचे गिरने पर ट्रॉली का पहिया उसकी कमर के ऊपर से गुजर गया।
विसर्जन से लौटते समय हुआ हादसा
कोतमा थाना प्रभारी रत्नाम्बर शुक्ला के अनुसार, बुधवार रात रावण दहन के साथ दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन भी किया गया था। वार्ड नंबर आठ में रेस्ट हाउस रोड के पास स्थापित प्रतिमा का विसर्जन रात करीब 12:50 बजे वार्ड नंबर सात की कृषि उपज मंडी में नगरपालिका द्वारा बनाए गए कुंड में किया गया।
इसके बाद विकास नगर निवासी शुभम बुनकर, पुत्र दीपक बुनकर, अन्य लोगों के साथ घर लौट रहा था। वह ट्रैक्टर के इंजन और ट्रॉली के बीच बने जोड़ पर बैठा था। बंजारी चौक के पास अचानक सड़क पर गिरने से ट्रॉली का बायां पहिया उसकी कमर के ऊपर से गुजर गया।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे के बाद शिवम गुप्ता, शारदा साहू और अन्य लोगों ने घायल शुभम को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। गुरुवार सुबह परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया और बाद में उसे परिवार को सौंप दिया गया।
नौकरी की तलाश कर रहा था युवक
परिजनों के अनुसार, शुभम दो भाइयों में बड़ा था और उसकी एक बड़ी बहन भी है। परिवार में अभी किसी की शादी नहीं हुई थी। स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद वह नौकरी की तलाश कर रहा था। उसके पिता दीपक बुनकर कृषि विभाग के कोतमा विकासखंड के बैहाटोला में कार्यरत हैं।
पुलिस ने बताया कि हादसे में शामिल ट्रैक्टर कोतमा नगरपालिका का है। मामले में प्रकरण दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।














