जबलपुर, 22 अक्टूबर।
मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के मझौली क्षेत्र में बुधवार की देर रात दुर्गा महाकाली प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। नीला तालाब के निकट जब श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जुलूस के साथ गुजर रही थी, तभी उस पर बना लोहे का ढांचा ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली के तार से छू गया। संपर्क होते ही पूरी ट्रॉली में करंट दौड़ गया, जिससे उसमें सवार लोगों में हड़कंप मच गया।
इस भीषण हादसे में प्रिंस चौहान और विकास राजपूत नामक दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं कई अन्य श्रद्धालु गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के तुरंत बाद चीख-पुकार के बीच घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस हृदयविदारक घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों ने थाने के सामने जमकर हंगामा किया, जिसके बाद स्थिति को संभालने के लिए भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।














