राजगढ़, 23 अक्टूबर।
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर टोल प्लाजा के पास गुरुवार रात तेज रफ्तार एंबुलेंस की टक्कर से बाइक सवार पुलिस आरक्षक देवा मौर्य (30) की मौत हो गई। हादसे में बाइक पर सवार आबकारी विभाग की महिला आरक्षक रशिका साहू गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
टोल प्लाजा के पास हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र में हाईवे स्थित टोल प्लाजा के समीप एंबुलेंस ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि बाइक चला रहे आरक्षक देवा मौर्य की मौके पर ही मौत हो गई। घायल रशिका साहू को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद दूसरे अस्पताल के लिए रेफर किया गया।
शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद देवा मौर्य का शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
राजगढ़ पुलिस लाइन में थे पदस्थ
देवा मौर्य मूल रूप से शिवपुरी के निवासी थे। वे राजगढ़ पुलिस लाइन में पदस्थ थे और सीजेएम कोर्ट में मुंशी के रूप में काम कर रहे थे। उनकी शादी नहीं हुई थी। कम उम्र में उनके निधन की खबर से पुलिस विभाग, परिचितों और शुभचिंतकों में शोक छा गया।
देवा को शायरी लिखने और सुनाने का शौक था। उनकी शायरियां परिचितों के बीच लोकप्रिय थीं। उनके निधन पर लोगों ने दुख जताया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
हादसे की सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केएल बंजारे भी घटनास्थल पहुंचे और दिवंगत आरक्षक को श्रद्धांजलि दी। पुलिस टोल प्लाजा और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हादसे से जुड़े घटनाक्रम और उसके कारणों की जानकारी जुटाई जा सके।














