ग्वालियर, 23 अक्टूबर।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के बिलौआ में शुक्रवार को मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत जिला स्तरीय जन-विश्वास शिविर आयोजित किया गया। नगर परिषद अध्यक्ष विजयलक्ष्मी चौरसिया की मौजूदगी में कलेक्टर रुचिका चौहान, जिला पंचायत सीईओ सोजान सिंह रावत, एसडीएम राजीव समाधिया सहित अन्य अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निराकरण कराया।
शिविर में करीब 53 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से अधिकांश का तत्काल समाधान किया गया। इसके अलावा सीएम हेल्पलाइन की 427 शिकायतों का भी निराकरण किया गया। दिव्यांगता प्रमाण-पत्र बनाने के लिए मेडिकल बोर्ड बैठाया गया। आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड और किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने की व्यवस्था भी की गई। शिविर में उद्यमी, इन्फ्लुएंसर और किसान संवाद आयोजित किए गए।
राजस्व समस्याओं के समाधान के निर्देश
कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों की टीम भेजकर नामांतरण, बंटवारे और रास्ते से जुड़ी समस्याओं का समाधान कराया। बिलौआ की कुछ बस्तियों में जलभराव की समस्या का एक सप्ताह के भीतर स्थायी समाधान करने के निर्देश मुख्य नगर पालिका अधिकारी को दिए।
युवाओं ने साझा किए आत्मनिर्भरता के अनुभव
उद्यमी संवाद में स्थानीय कारोबारियों ने अपनी सफलता की कहानियां साझा कीं। दिनेश कुशवाह ने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना से पांच लाख रुपये का ऋण लेकर ऑटो पार्ट्स का कारोबार बढ़ाया और चार लोगों को रोजगार दिया। कपिल झा ने मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना से 25 लाख रुपये का ऋण लेकर कन्वेयर बेल्ट का व्यवसाय शुरू किया, जिसका वार्षिक कारोबार करीब पौने दो करोड़ रुपये बताया गया। हरिओम चौरसिया ने चार लाख रुपये के ऋण से बैटरी व्यवसाय स्थापित किया। वहीं, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत रामबाई मोती की माला और ममता बाई झाड़ू बनाने का काम कर रही हैं।
मेधावी छात्रा को मिली ई-स्कूटी
कलेक्टर रुचिका चौहान ने 12वीं में 94 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाली प्रियांशी तिवारी को ई-स्कूटी की चाबी सौंपी। प्रियांशी ने ग्वालियर के केआरजी कॉलेज में स्नातक की पढ़ाई के लिए प्रवेश लिया है।
प्राकृतिक खेती और सरकारी संस्थाओं का निरीक्षण
प्रगतिशील किसानों कल्याण सिंह और कुमेर सिंह जाटव ने जैविक खेती के अनुभव साझा किए। शिविर से पहले कलेक्टर ने जौरासी गांव में स्वामित्व योजना के तहत दस्तावेजों के काम का निरीक्षण किया और पटवारी को तेजी लाने के निर्देश दिए। बिलौआ की निष्क्रिय प्राथमिक सहकारी संस्था पर नाराजगी जताते हुए किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने को कहा। पशु चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान मौसमी बीमारियों को देखते हुए टीकाकरण और उपचार की व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश भी दिए।














