राजगढ़, 23 अक्टूबर।
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में तीन युवाओं ने साहस और मानवता की मिसाल पेश करते हुए बांध में डूब रहे एक युवक की जान बचा ली। घटना बोड़ा थाना क्षेत्र के कुंवर कोटरी स्थित बांध की है। युवाओं के इस सराहनीय प्रयास के लिए शुक्रवार को पुलिस ने उन्हें शॉल, श्रीफल और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।पुलिस के अनुसार, गुरुवार शाम अरुण सांसी के बांध में डूबने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी देकर बचाव के लिए नाव की व्यवस्था करने को कहा। इसी दौरान वहां मौजूद तीन युवाओं ने युवक को बचाने की पहल की।
ट्रैक्टर की ट्यूब के सहारे पानी में उतरे
हिनोतिया गांव निवासी महेंद्र वाल्मीकि और घनश्याम वर्मा तथा कोटरी गांव निवासी हरिओम पाल ने ट्रैक्टर की ट्यूब में हवा भरी और उसे सहारे के रूप में इस्तेमाल करते हुए बांध में प्रवेश किया। तीनों ने प्रयास कर अरुण सांसी को पानी से बाहर निकाल लिया। समय पर मदद मिलने से युवक की जान बच गई।
बोड़ा थाने में किया सम्मानित
तीनों युवाओं के साहस और तत्परता की सराहना करते हुए बोड़ा थाने में सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह राजपूत और पुलिस स्टाफ ने महेंद्र वाल्मीकि, घनश्याम वर्मा और हरिओम पाल को शॉल, श्रीफल, पुष्पमाला और स्मृति चिह्न भेंट किए। उन्हें मिठाई खिलाकर भी सम्मानित किया गया।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने युवाओं के प्रयास की प्रशंसा की। इस घटना ने संकट की घड़ी में तत्परता, जनसहयोग और मानवीय संवेदना के महत्व को रेखांकित किया।














