राजगढ़, 23 अक्टूबर। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ स्थित सोनाकुंज में शुक्रवार को भाजपा ने ‘लोकतंत्र बचाओ-भीड़तंत्र हटाओ’ अभियान को लेकर बैठक आयोजित की। अभियान 24 अक्टूबर से 5 नवंबर तक चलाया जाएगा। इसके तहत पार्टी कार्यकर्ता बूथ स्तर तक पहुंचकर जनता से संवाद करेंगे। बैठक में अभियान के संचालन और विभिन्न कार्यक्रमों के लिए जिला टोली सहित अलग-अलग टीमों का गठन किया गया।
बैठक में नेताओं ने कार्यकर्ताओं से एसआईआर और चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों पर विपक्ष के आरोपों का तथ्यों के आधार पर जवाब देने का आह्वान किया।
बूथ स्तर तक पहुंचने पर जोर
भाजपा जिला अध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में रहते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करती रही है और अब विपक्ष में रहकर भ्रम फैला रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक पहुंचकर लोगों को तथ्यों से अवगत कराने की अपील की।
जिला प्रभारी एवं पूर्व विधायक ध्रुव नारायण सिंह ने कहा कि अभियान की सफलता कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर निर्भर करेगी। उन्होंने लोकतांत्रिक संस्थाओं के महत्व और उनकी मजबूती को लेकर समाज के हर वर्ग से संवाद करने पर जोर दिया।
राज्यमंत्री गौतम टेटवाल ने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर पार्टी का संदेश पहुंचाने और लोकतंत्र, चुनाव आयोग तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं से जुड़े विषयों पर लोगों से चर्चा करने को कहा। उन्होंने आपातकाल के दौरान मीडिया पर सेंसरशिप और चुनी हुई राज्य सरकारों को बर्खास्त किए जाने का भी उल्लेख किया।
स्कूल-कॉलेजों में भी होंगे संवाद कार्यक्रम
सांसद रोडमल नागर ने बताया कि अभियान के तहत युवाओं, विद्यार्थियों और प्रबुद्धजनों के बीच संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विधानसभा स्तर पर पदयात्राएं भी निकाली जाएंगी। ‘राष्ट्र चिंतन संवाद’ और ‘लोकतंत्र बनाम भीड़तंत्र’ जैसे कार्यक्रमों के जरिए स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में विद्यार्थियों से चर्चा की जाएगी। प्रतियोगिताओं और जनसंपर्क गतिविधियों के साथ मतदाता सूची की शुद्धता तथा चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर भी लोगों के बीच संवाद किया जाएगा।
बैठक में विधायक मोहन शर्मा, पूर्व विधायक रघुनंदन शर्मा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दिलबर यादव सहित पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण से हुई। अंत में राष्ट्रगान किया गया।














