भोपाल, 24 अक्टूबर।
राजधानी के अन्नानगर क्षेत्र में तीन दिन तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने के मामले में मंत्री विश्वास सारंग ने सख्ती दिखाई है। उन्होंने शनिवार को चार विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर बिजली संकट का स्थायी समाधान करने के निर्देश दिए। बैठक में अन्नानगर सहित भेल क्षेत्र की झुग्गी बस्तियों में बिजली आपूर्ति सुचारु बनाने और स्थायी कनेक्शन देने की योजना पर चर्चा हुई।
बिजली कटौती के विरोध में किया था चक्काजाम
शुक्रवार रात बिजली नहीं होने से नाराज अन्नानगर के रहवासियों ने चौराहे पर चक्काजाम कर दिया था। इससे भेल दशहरा मैदान, मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय और अंतरराज्यीय बस टर्मिनल को जोड़ने वाली सड़कों पर यातायात प्रभावित हुआ। रहवासियों का कहना था कि बकाया राशि का हवाला देकर बिजली काटी गई, जिससे बच्चों की पढ़ाई और रात में आराम करने में परेशानी हुई।
झुग्गी बस्तियों में लगाए जाएंगे बिजली के खंभे
बैठक में अन्नानगर, विकास नगर और अन्य झुग्गी बस्तियों में बिजली आपूर्ति की व्यवस्था सुधारने पर सहमति बनी। योजना के तहत अगले तीन से पांच महीने में बिजली कंपनी के माध्यम से क्षेत्र में बिजली के खंभे लगाए जाएंगे और रहवासियों को स्थायी बिजली कनेक्शन देने की तैयारी है।
सुदामा नगर, बुद्ध विहार, अन्नानगर और विकास नगर सहित भेल क्षेत्र की बस्तियों में बिजली समस्या का स्थायी समाधान करने पर जोर दिया गया।
अधिकारी करेंगे व्यवस्था की निगरानी
बिजली आपूर्ति की निगरानी अपर जिला मजिस्ट्रेट, अनुविभागीय मजिस्ट्रेट, भेल और मध्य प्रदेश बिजली विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से करेंगे। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि भविष्य में बिजली कटौती से लोगों को इस तरह की परेशानी न हो और आपूर्ति व्यवस्था सुचारु बनी रहे।














