जबलपुर, 24 अक्टूबर।
मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल भेड़ाघाट में शनिवार से दो दिवसीय नर्मदा महोत्सव की शुरुआत होगी। शरद पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित इस उत्सव में भक्ति संगीत, शास्त्रीय नृत्य और लोक कलाओं की रंगारंग प्रस्तुतियां होंगी। पहले दिन गायक सुनील लोधी और सूफी गायिका जसपिंदर नरूला अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे।
जबलपुर पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद की ओर से जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निगम, भेड़ाघाट नगर परिषद और जबलपुर विकास प्राधिकरण के सहयोग से आयोजित यह महोत्सव लगातार 23वें वर्ष हो रहा है। कार्यक्रम धुआंधार जलप्रपात के पास बने मुक्ताकाशी मंच पर आयोजित किया जाएगा।
महोत्सव का शुभारंभ शनिवार शाम 7 बजे मां नर्मदा की पूजा-अर्चना के साथ होगा। पहले दिन के कार्यक्रम में प्रदेश के संस्कृति एवं पर्यटन राज्य मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी मुख्य अतिथि होंगे। सांसद आशीष दुबे कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। अन्य जनप्रतिनिधियों को भी विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।
पहले दिन की सांस्कृतिक संध्या शाम 7.30 बजे जबलपुर की समृद्धि अय्यर के नवदुर्गा शास्त्रीय नृत्य से शुरू होगी। इसके बाद शाम 7.45 बजे सागर के दीपेश पांडे और उनके साथी कलाकार बधाई-नोरता नृत्य प्रस्तुत करेंगे।
रात 8.15 बजे सुनील लोधी और उनके सहयोगियों के भजनों की प्रस्तुति होगी। इसके बाद रात 9 बजे मुंबई की जसपिंदर नरूला अपनी गायकी से श्रोताओं को भक्ति और सूफी संगीत का आनंद देंगी।
महोत्सव के दूसरे और अंतिम दिन 25 अक्टूबर को शाम 7 बजे नर्मदा पूजन, अतिथियों के स्वागत और दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम शुरू होंगे। इस दिन प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह मुख्य अतिथि रहेंगे। राज्यसभा सदस्य सुमित्रा बाल्मीक कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगी। कई अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।
दूसरे दिन की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की शुरुआत शाम 7.30 बजे जबलपुर की त्रिभंग कला अकादमी की कौतुकी उपाध्याय के शास्त्रीय नृत्य से होगी। शाम 7.45 बजे महाराष्ट्र की शिवमुद्रा संस्था ढोल-ताशा नृत्य प्रस्तुत करेगी।
रात 8.15 बजे मुंबई की अरुणिता कांजीलाल गायन करेंगी। इसके बाद रात 9 बजे पार्श्व गायिका ऋचा शर्मा भजनों की प्रस्तुति देंगी। दो दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में संगीत, नृत्य और भक्ति की विभिन्न विधाओं के जरिए नर्मदा महोत्सव की सांस्कृतिक छटा देखने को मिलेगी।














