पश्चिमी सिंहभूम, 16 मई।
स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही को लेकर उपायुक्त मनीष कुमार ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की।
उपायुक्त ने कहा कि जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को अधिक सुदृढ़ और प्रभावी बनाने के लिए सभी विभागीय पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि रक्त की कमी के कारण किसी भी मरीज की जान नहीं जानी चाहिए, इसी उद्देश्य से प्रत्येक माह की 8 और 24 तारीख को जिले के विभिन्न प्रखंडों में नियमित रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों से भी रक्तदान अभियानों में स्वयं सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की। साथ ही यह भी कहा कि स्वास्थ्य योजनाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
समाहरणालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान उपायुक्त ने मलेरिया प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि गांव-गांव में व्यापक जांच अभियान चलाकर मलेरिया की पहचान और समय पर उपचार सुनिश्चित किया जाए।
इसके साथ ही उन्होंने “सौ दिवसीय क्षय रोग अभियान” को गंभीरता से संचालित करने तथा संभावित मरीजों की पहचान कर समय पर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने सिकल सेल एनीमिया की जांच को भी प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग कर बीमारी की समय रहते पहचान सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों को उचित उपचार मिल सके। बैठक में संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने पर भी विशेष ध्यान दिया गया।
उपायुक्त ने निर्देश दिए कि जिले के सरकारी अस्पतालों में बेहतर प्रसव केंद्र विकसित किए जाएं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को सुरक्षित प्रसव की सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सके।
समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों ने जानकारी दी कि जिले में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस कार्यक्रम 15 और 18 जून को आयोजित किया जाएगा। इस अभियान के तहत बच्चों को उनकी आयु के अनुसार एल्बेंडाजोल दवा दी जाएगी, जिससे कृमि संक्रमण से बचाव सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में सिविल सर्जन, अनुमंडल पदाधिकारी चक्रधरपुर, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।














.jpg)
.jpg)