उरई, 24 मार्च।
कुठौंद थाना क्षेत्र के कुतलूपुर गांव में मंगलवार सुबह एक छात्रा का शव बिस्तर पर पड़ा मिला। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान प्रतीक्षा कुमारी (19) के रूप में हुई है, जो बीए फाइनल ईयर की छात्रा थी और उनके पिता सुनील कुमार कुरारा पंचायत में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। परिवार ने आरोप लगाया है कि उनके ही गांव का एक युवक बेटी को पिछले तीन महीनों से परेशान कर रहा था और शादी का दबाव बना रहा था। मना करने पर युवक ने जान से मारने की धमकी भी दी थी।

परिजन का कहना है कि मानसिक उत्पीड़न और धमकियों से तंग आकर छात्रा ने यह कदम उठाया। थाना प्रभारी जगदंबा प्रसाद दुबे ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आरोपित युवक की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चलेगा और यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो युवक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












