सुलतानपुर, 18 फरवरी।
उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले के दोस्तपुर थाना क्षेत्र के कामतागंज में निर्माणाधीन पुलिया में गिरने से मोटरसाइकिल सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताया गया है कि पुलिया का निर्माण करा रहे ठेकेदार द्वारा सड़क को मिट्टी डालकर अवरुद्ध कर दिया गया था, जिससे यह दुर्घटना हुई। घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दोस्तपुर में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के ढेमा गांव निवासी विनय (32) पुत्र स्वर्गीय भिलाई और सुरजीत (30) पुत्र जमुना प्रसाद, दोस्तपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव से रिश्तेदारी से मंगलवार रात लौट रहे थे। जब वे दोस्तपुर-नेमपुर मार्ग पर कामतागंज के पास पहुंचे, उस समय वहां पुलिया का निर्माण कार्य चल रहा था। ठेकेदार ने सड़क के बीच मिट्टी का ढेर लगाकर रास्ता बंद कर रखा था। इसी अवरोध से बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई और पलट गई।
हादसे में दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हेलमेट न पहनने के कारण दोनों के सिर में गंभीर चोटें आईं। विनय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुरजीत का एक पैर फ्रैक्चर हो गया। सुरजीत को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, बाद में हालत गंभीर होने पर अंबेडकर नगर के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। क्षेत्राधिकारी कादीपुर विनय गौतम ने बुधवार को बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।












