फिरोजाबाद, 22 मई।
फिरोजाबाद जनपद में थाना मटसेना क्षेत्र के अंतर्गत आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर गुरुवार देर रात उस समय भीषण सड़क हादसा हो गया जब कानपुर से गुड़गांव जा रही एक डबल डेकर निजी बस बालू से लदे डंपर में पीछे से जा घुसी और टक्कर के बाद बस में आग भड़क उठी।
जानकारी के अनुसार लगभग 40 से अधिक यात्रियों से भरी यह बस कानपुर से गुड़गांव की ओर रवाना थी और रात के समय आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर नसीरपुर थाना क्षेत्र से आगे बढ़ रही थी, तभी मटसेना क्षेत्र के किलोमीटर संख्या 46 पर आगे चल रहा बालू से भरा डंपर अचानक अनियंत्रित होकर मध्य डिवाइडर से टकराकर पलट गया।
इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रही सवारियों से भरी बस अनियंत्रित डंपर से टकरा गई, जिससे हादसा इतना भीषण हो गया कि बस में तुरंत आग लग गई और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही यूपीडा के साथ नसीरपुर एवं मटसेना थाना पुलिस मौके पर पहुंची, वहीं वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में राहत कार्य शुरू कराया।
इसके बाद फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, हालांकि इस हादसे में बस चालक शंभू बढ़ई की मौत हो गई जबकि लगभग 15 यात्री घायल हो गए जिन्हें सैफई और फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
घायलों में कई महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं जिनमें नीलम, रंगोली देवी, शिवम, सत्यम, सुंदरलाल, शांति देवी, सत्यभान, मुकेश कुमार, आस्था, माया देवी, वेद, मन्नत, पूजा और पप्पू सहित अन्य यात्री घायल हुए हैं।
अधिकारियों के अनुसार बालू से भरे डंपर में पीछे से बस की टक्कर के कारण आग लगी और इस हादसे में चालक की मौत हो गई तथा सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया।






.jpg)







