वाराणसी, 28 अप्रैल
बनारस रेल इंजन कारखाना परिसर में आयोजित ‘जनआक्रोश महिला सम्मेलन’ में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की आधी आबादी को वह सम्मान दिया है, जो पूर्ववर्ती सरकारें नहीं दे सकीं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने न केवल अपनी माताजी का सम्मान किया, बल्कि पूरे देश की माताओं को भी सम्मान दिलाने का कार्य किया है। उन्होंने भावुक होकर कहा कि वह उस मां को नमन करते हैं, जिन्होंने नरेंद्र मोदी जैसे पुत्र को जन्म दिया, और महिलाओं के उत्थान के लिए किए गए कार्य गर्व का विषय हैं।
नितिन नवीन ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण को केंद्र में रखकर सरकार ने अनेक ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से करोड़ों महिलाओं को चूल्हे के धुएं से मुक्ति मिली है और उनके जीवन में बड़ा बदलाव आया है।
उन्होंने कहा कि हर घर शौचालय और उज्ज्वला जैसी योजनाओं ने महिलाओं की कठिनाइयों को दूर करने का काम किया है, जबकि विपक्ष ने कई बार बाधाएं उत्पन्न कीं, लेकिन प्रधानमंत्री ने हर संकल्प को पूरा कर दिखाया।
भाजपा अध्यक्ष ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत महिलाओं को घर का मालिकाना अधिकार मिला है, जिससे उनका सामाजिक सम्मान और बढ़ा है। स्वयं सहायता समूहों और अन्य योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनने के नए अवसर मिले हैं।
उन्होंने कहा कि आज महिलाएं एआई से लेकर ओलंपिक और खेलों तक नेतृत्व कर रही हैं। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जैसी योजनाओं से बेटियों को नई दिशा मिली है और ट्रिपल तलाक पर निर्णय से मुस्लिम महिलाओं को भी सम्मान प्राप्त हुआ है।
काशी की महिमा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि काशी केवल एक नगर नहीं बल्कि एक जीवंत चेतना है, जैसे मां गंगा संस्कृति को पोषित करती हैं, वैसे ही महिलाएं समाज और परिवार के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम में कई प्रमुख जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे











