नई दिल्ली, 27 अप्रैल।
डेनमार्क में आयोजित थॉमस एंड उबर कप 2026 में भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ग्रुप चरण के मुकाबले में 3-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। भारत की ओर से सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने महत्वपूर्ण जीत दर्ज कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
डबल्स मुकाबले में सात्विक और चिराग की जोड़ी ने ऑस्ट्रेलिया के रिज्की हिदायत और जैक यू की जोड़ी को 38 मिनट में 21-14, 21-16 से मात दी। यह मुकाबला इस टाई का सबसे लंबा मैच साबित हुआ।
इससे पहले एशियाई चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता आयुष शेट्टी ने सिंगल्स मुकाबले में दमदार प्रदर्शन करते हुए श्रेय धांड को मात्र 26 मिनट में 21-8, 21-6 से पराजित किया।
पहले मैच में लक्ष्य सेन ने एफ्राइम स्टीफन सैम के खिलाफ सीधे गेमों में 21-14, 21-16 से जीत हासिल कर भारत को मजबूत शुरुआत दिलाई।
फिलहाल चौथे मुकाबले में एच. एस. प्रणय और ऋषि होंडा बूपथी के बीच मुकाबला जारी है।
इससे पूर्व भारतीय टीम ने अपने अभियान की शुरुआत कनाडा पर 4-1 की जीत के साथ की थी, जिसमें लक्ष्य सेन को विक्टर लाई के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।
इधर उबर कप में भारतीय महिला टीम आज चीन के खिलाफ मैदान में उतरेगी, जिसे एक अहम मुकाबला माना जा रहा है।



_(1).jpg)








