कुल्लू, 18 मार्च।
देवभूमि कुल्लू की मणिकर्ण घाटी में नशे के सौदागरों पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने गश्त के दौरान तीन युवकों को 962 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद की गई चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों में आंकी जा रही है।
मामला उस समय सामने आया जब पुलिस चौकी जरी की टीम डुंखरा चौक पर नाकाबन्दी के दौरान गाड़ी संख्या आरजे 60-सीएच - 2951 को रोककर चैकिंग कर रही थी। जांच के दौरान गाड़ी में सवार तीन युवकों के कब्जे से 962 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने नशे की खेप और गाड़ी को कब्जे में लिया और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस थाना मणिकर्ण में तीनों आरोपियों उदित शर्मा (26), कुशल अवस्थी (22) और ऋत्विक जागेद निवासी जयपुर, राजस्थान के विरुद्ध धारा 20 व 29 मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। नियमानुसार कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।

बरामद नशे के स्रोत, सप्लाई चेन और नेटवर्क की पहचान के लिए तीनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच जारी रखे हुए है ताकि पूरे तस्करी नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।












