नोएडा, 21 मार्च।
जिले के बिसरख थाना क्षेत्र स्थित एक सोसाइटी में 12वीं मंजिल के फ्लैट की बालकनी से गिरकर तीन वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब बच्चे की मां उसे घर में अकेला छोड़कर दूसरे बच्चे को ट्यूशन छोड़ने गई थीं।
थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल शर्मा के अनुसार, लाइफ सिटी हॉस्पिटल से सूचना मिलने पर पुलिस को घटना की जानकारी हुई। गौर सिटी वन सेवन एवेन्यू सोसाइटी में रहने वाले संजयपाल के परिवार का यह हादसा है। उनकी पत्नी मंजू पाल शुक्रवार दोपहर छोटे बेटे सागनिक पाल (3) को फ्लैट में छोड़कर बड़े बेटे को ट्यूशन सेंटर छोड़ने गई थीं। इसी दौरान सागनिक बालकनी में खेलते हुए नीचे गिर गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
रात में सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है।
इस घटना के बाद सोसाइटी के निवासियों ने बालकनी की रेलिंग में अधिक अंतर होने पर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि इस कारण बच्चों के गिरने का खतरा बना रहता है, जिसको लेकर बिल्डर के खिलाफ नाराजगी भी सामने आई है।












