वाराणसी, 28 मार्च।
उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में दालमंडी चौड़ीकरण अभियान को लेकर वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस, लोक निर्माण विभाग और जिला प्रशासन ने एक बार फिर कमर कस ली है। रविवार को प्रशासन का बुलडोजर सुबह से ही दालमंडी के भीतर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करेगा। इस बार करीब 30 मकानों को गिराने की योजना के तहत सात दिनों तक लगातार कार्य होगा।
सुरक्षा को देखते हुए चौक थाना के पुलिसकर्मियों के अलावा अतिरिक्त फोर्स भी तैनात की जाएगी। सहायक पुलिस आयुक्त डॉक्टर अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि भारी पुलिस सुरक्षा के बीच दालमंडी के मकानों का ध्वस्तीकरण किया जाएगा। तीन थानों की फोर्स और पीएसी की मौजूदगी में चिन्हित मकानों को गिराया जाएगा। रविवार से दालमंडी में आवागमन कर रहे वाहनों को बैरीकेटिंग लगाकर रोका जाएगा, ताकि कार्रवाई में कोई बाधा न आए।
वहीं, ध्वस्तीकरण से पहले शनिवार को दालमंडी बाजार सामान्य रूप से खुला रहा और दुकानदारों ने ग्राहकों का स्वागत किया। दुकानदारों ने पुनः ध्वस्तीकरण कार्रवाई को गलत ठहराते हुए कहा कि आखिर कब तक उन्हें उजाड़ने का काम चलता रहेगा और कोई बसाने वाला सामने आएगा।












