जौनपुर, 28 मार्च।
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में पेट्रोल और डीजल की अचानक बढ़ी मांग और अफवाहों के कारण शनिवार को शहर और ग्रामीण इलाकों के पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ देखने को मिली। कई स्थानों पर बाइक और कार के लिए ईंधन की सीमा तय करनी पड़ी। कुछ पंपों पर बाइक में अधिकतम 200 रुपये और कार में 500 रुपये तक ही पेट्रोल दिया जा रहा था। कई जगहों पर 200 मीटर तक लंबी कतारें लगी थीं।
शुक्रवार रात को ही नगर और आसपास के पेट्रोल पंपों पर ईंधन खत्म होने की स्थिति बन गई थी, जिससे कुछ पंप अस्थायी रूप से बंद रहे। नईगंज तिराहा स्थित कुमार पेट्रोल पंप रात करीब 10 बजे बंद हो गया। ओलंदगंज, कचहरी, पॉलीटेक्निक चौराहा और वाजिदपुर के पंपों पर भी ईंधन उपलब्ध नहीं हो सका, जिससे वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ी।
खेतासराय क्षेत्र के खुदौली मार्ग स्थित मैनुद्दीनपुर पेट्रोल पंप पर सुबह से लंबी लाइन लग गई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पंप प्रबंधन ने 200 रुपये तक ही पेट्रोल देना शुरू किया। प्रबंधक ने बताया कि अधिकांश लोग टंकी फुल कराने पर अड़े थे, जिससे स्थिति और बिगड़ रही थी।
जिला पूर्ति अधिकारी संतोष विक्रम शाही ने कहा कि ईंधन की कोई कमी नहीं है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। उन्होंने बताया कि आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है, लेकिन सोशल मीडिया पर फैली भ्रामक खबरों के कारण लोग घबराकर अधिक मात्रा में पेट्रोल-डीजल लेने पहुंच रहे हैं। वाजिदपुर स्थित प्रभा फीलिंग पंप के मैनेजर ने भी पुष्टि की कि पर्याप्त तेल उपलब्ध है और कोई समस्या नहीं है।












