खूंटी, 16 मई।
जिले में शनिवार को वट सावित्री पूजा पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ संपन्न हुई, जिसमें सुहागिन महिलाओं ने वट वृक्ष की पूजा-अर्चना कर अपने पति की दीर्घायु और अखंड सौभाग्य की कामना की।
तोरपा, कर्रा, मुरहू सहित विभिन्न प्रखंडों में सुबह से ही वट वृक्षों और मंदिरों के आसपास महिलाओं की भारी भीड़ देखी गई। पारंपरिक परिधानों और सोलह श्रृंगार से सजी महिलाओं ने विधि-विधान के साथ पूजा करते हुए वट वृक्ष की परिक्रमा की और रक्षा सूत्र बांधे। इस दौरान सावित्री और सत्यवान की कथा का श्रवण भी किया गया तथा सुख-शांति की प्रार्थना की गई।
कई स्थानों पर सामूहिक रूप से पूजा का आयोजन किया गया, जहां महिलाओं ने भक्ति गीत और मंगलगान के माध्यम से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। पूरे जिले में गांवों से लेकर शहरी क्षेत्रों तक धार्मिक माहौल पूरी तरह से व्याप्त रहा।
जिले के प्रमुख शिवालयों में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। बुढ़वा महादेव मंदिर, नामकुम शिवालय, पिपराटोली मंदिर और तोरपा के शिवालयों सहित विभिन्न मंदिरों में सुबह से ही पूजा-अर्चना का क्रम लगातार चलता रहा।
श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसरों में भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं और वातावरण भक्ति से सराबोर रहा।
ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं ने वट वृक्ष के नीचे दीप प्रज्वलित कर पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन किया। कई स्थानों पर बुजुर्ग महिलाओं ने नवविवाहितों को इस पूजा की परंपरा और महत्व की जानकारी भी दी। पूरे जिले में वट सावित्री पूजा को लेकर आस्था और भक्ति का गहरा माहौल बना रहा।














.jpg)
.jpg)