पूर्वी सिंहभूम, 30 मार्च।
पोटका थाना क्षेत्र के टाटा–हाता मुख्य मार्ग पर तिरिलडीह के पास रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 59 वर्षीय शिक्षक वीर प्रताप मुर्मू की मौत हो गई। वे गंगाडीह पंचायत स्थित मध्य विद्यालय नागा के प्रधानाध्यापक पद पर कार्यरत थे और उनकी अचानक हुई मृत्यु से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वीर प्रताप मुर्मू अपने पैतृक गांव राजनगर थाना क्षेत्र के पुपडीह (बाड़ेडीह) से मोटरसाइकिल पर लौट रहे थे। वे वर्तमान में करनडीह के पुड़िहासा में रह रहे थे। लौटते समय तिरिलडीह के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई। जोरदार टक्कर के कारण वे सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पोटका थाना की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पोटका ले जाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की खबर फैलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों, सहकर्मियों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सभी का रो-रोकर बुरा हाल था। बताया जाता है कि वीर प्रताप मुर्मू एक मिलनसार और कर्तव्यनिष्ठ शिक्षक थे, जिनका क्षेत्र में बड़ा सम्मान था। उनके निधन से विद्यालय परिवार और पूरे इलाके में गहरा शोक है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण बाइक का अनियंत्रित होना बताया गया है, हालांकि पुलिस मामले की पूरी जांच में जुटी हुई है।












