देवास, 16 मई।
टोंककला स्थित पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट और आगजनी की घटना के बाद प्रशासनिक स्तर पर सख्त कदम उठाए गए हैं। संभाग आयुक्त आशीष सिंह ने टोंकखुर्द के एसडीएम संजीव सक्सेना तथा नायब तहसीलदार रवि शर्मा को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया है।
घटना से जुड़ी जांच में सामने आया कि 14 मई को टोंककला की पटाखा फैक्ट्री में हुए हादसे के बाद विस्तृत जांच कराई गई थी, जिसमें अधिकारियों की गंभीर प्रशासनिक लापरवाही उजागर हुई। आरोप है कि विस्फोटक सामग्री के भंडारण और सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर निर्धारित नियमों के अनुसार निरीक्षण नहीं किया गया।
निलंबन आदेश में स्पष्ट किया गया है कि दोनों अधिकारियों ने अपने दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही, उदासीनता और अनियमितता बरती, जिसके चलते यह बड़ा हादसा हुआ। निलंबन अवधि के दौरान दोनों का मुख्यालय कलेक्टर कार्यालय देवास तय किया गया है और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।
टोंककला हादसे में हुई जनहानि के बाद अब प्रशासनिक स्तर पर जिम्मेदारी तय की जा रही है। इस कार्रवाई को शासन की सख्ती और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।










