चेन्नई, 02 अप्रैल।
तमिलनाडु के उपमुख्यमंत्री और डीएमके के युवा विंग सचिव उदयनिधि स्टालिन ने गुरुवार को चेन्नई के चेपॉक–त्रिप्लिकेन विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। यह उनका इस विधानसभा क्षेत्र से दूसरा चुनाव है।
23 अप्रैल को होने वाले एकल चरण के तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के मद्देनजर सभी राजनीतिक दल अपने-अपने उम्मीदवारों के समर्थन में सक्रिय प्रचार कर रहे हैं। चुनाव आयोग भी मतदान को निष्पक्ष और पूर्ण कराने के लिए स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम चला रहा है। इसके साथ ही उड़नदस्ता और स्थायी निगरानी टीमों के अधिकारी राज्य के सभी जिलों में वाहनों की सघन जांच कर रहे हैं।
नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 6 अप्रैल है, जिसके चलते उम्मीदवार लगातार अपने नामांकन दाखिल कर रहे हैं और जिला कलेक्टर कार्यालयों में हलचल बनी हुई है। इसी क्रम में उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन ने चेन्नई के रिटर्निंग ऑफिसर आर. सुगंथी के समक्ष अपने नामांकन पत्र प्रस्तुत किए। इस मौके पर सांसद यानिधि मारन और डीएमके राज्य मीडिया प्रकोष्ठ के संयुक्त सचिव अधिवक्ता सरवनन सहित कई लोग उपस्थित रहे।












