गुवाहाटी, 31 मार्च।
असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने मंगलवार को बोडो समाज के महान नेता उपेंद्रनाथ ब्रह्म की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। राज्य में इस दिन को ‘छात्र दिवस’ के रूप में मनाया जाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उपेंद्रनाथ ब्रह्म ने अपने पूरे जीवन में बोडो समुदाय की पहचान, संस्कृति और अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर प्रयास किया। उन्होंने उन्हें असम का एक प्रेरक व्यक्तित्व और मार्गदर्शक बताया, जिनके त्याग और योगदान को आने वाली पीढ़ियां सदैव स्मरण रखेंगी।
डॉ. सरमा ने यह भी बताया कि राज्य सरकार ने उनके अमूल्य योगदान को सम्मानित करने के लिए उनकी जयंती को ‘छात्र दिवस’ घोषित किया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने छात्र समुदाय को शुभकामनाएं दीं और उनके आदर्शों तथा मूल्यों को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
उन्होंने कहा कि बोडोफा उपेंद्रनाथ ब्रह्म की विरासत हमेशा असमवासियों के दिलों में जीवित रहेगी और आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक बनेगी।












