उरई, 28 मार्च।
उत्तर प्रदेश के उरई जिले में दो युवतियों ने अलग-अलग प्रेम संबंधों में विवाह किया और अब सुरक्षा की गुहार लगाई है। युवतियों ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपने पिता और भाई पर जान का खतरा और धमकियों के आरोप लगाए हैं।
जानकारी के अनुसार, पहला मामला भिटारा क्षेत्र की युवती से और दूसरा मामला बंगरा क्षेत्र की युवती से जुड़ा है। दोनों ने अपनी मर्जी से प्रेम विवाह किया और इसके बाद वीडियो में परिजनों पर गंभीर आरोप लगाए। युवतियों का कहना है कि उनके पिता और भाई इस विवाह से नाराज हैं और उनकी जान को खतरा है। वीडियो में दोनों ने प्रशासन और पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।
वायरल वीडियो में दोनों युवतियां अपने प्रेमी के परिवार की सुरक्षा की भी गुहार लगा रही हैं और कह रही हैं कि यदि उनके साथ या उनके पति के परिवार के साथ कोई अनहोनी होती है तो इसकी जिम्मेदारी उनके परिजनों पर होगी। वीडियो में दोनों ने परिजनों से दूरी बनाकर रहने की सलाह भी दी।
उरई पुलिस के अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है और वीडियो की सत्यता की पुष्टि की जा रही है। प्राप्त तहरीर के आधार पर विधिक कार्यवाही की जाएगी।












