बरेली, 17 मार्च 2026।
उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में इज्जतनगर थाना क्षेत्र के गांव रहपुरा चौधरी में सोमवार को सास और साले की हत्या में फरार आरोपित मंगलवार सुबह पुलिस मुठभेड़ में ढेर हो गया। इस मुठभेड़ में दो सिपाही घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अनुराग आर्य ने बताया कि रहपुरा चौधरी गांव में पारिवारिक विवाद सुलझाने के लिए पंचायत बुलाई गई थी। इसी दौरान आरोपित अफसर खां उर्फ बौरा ने सास आसमां (50) और साले आदिल (22) को चाकू से गोदकर हत्या कर दी। बीच बचाव में उसकी पत्नी सायमा (30) घायल हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
अफसर खां की तलाश में तीन पुलिस टीमें लगी हुई थीं। मंगलवार सुबह सूचना मिली कि आरोपी सहारा ग्राउंड के पास मौजूद है। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की और भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में वह घायल होकर गिर पड़ा। उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। उसके पास से पिस्टल, कारतूस और हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद हुआ।
इस कारवाई में सिपाही अनुराग और रूपेंद्र घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। एसएसपी ने बताया कि अफसर खां ने 2009 में अपने सगे मामा की हत्या के लिए उम्रकैद की सजा भोगी थी। जमानत मिलने के बाद वह वर्ष 2017 में अपनी चचेरी बहन सायमा से प्रेम विवाह कर चुका था। उसके दो बच्चे फैज (8) और आइशा (5) हैं।












