रायपुर, 18 मार्च।
छत्तीसगढ़ में बीते दो दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है और प्रदेश में खंड-खंड बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आने वाले दो दिनों तक प्रदेश में आंधी, तूफान और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। राजधानी रायपुर में भी सुबह से ही बादल घिरे हुए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार 18 और 19 मार्च को वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में गरज-चमक के साथ बारिश होगी। बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। आज सुबह से रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, धमतरी और कांकेर जिलों में बादल छाए हुए हैं। विभाग ने राज्य में बारिश के साथ ओलावृष्टि का अलर्ट भी जारी किया है, जिससे रबी फसल के किसान चिंतित हैं।
प्रदेश में अगले चार दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इसके बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। मंगलवार को प्रदेश में तापमान सामान्य से 2-3 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। सबसे अधिक तापमान दुर्ग में 37.4°C और न्यूनतम तापमान माना, रायपुर में 16.5°C रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रायपुर में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है, अधिकतम तापमान लगभग 37°C और न्यूनतम तापमान करीब 19°C रहेगा।
मौसम विभाग ने बीजापुर, बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, कांकेर, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, मुंगेली और नारायणपुर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में मध्यम से तेज बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की संभावना है।
वहीं, बालोद, बलौदाबाजार, बस्तर, बेमेतरा, धमतरी, दुर्ग, गरियाबंद, जांजगीर-चांपा, कोंडागांव, कोरबा, महासमुंद, रायगढ़, रायपुर, सक्ती और सारंगढ़-बिलाईगढ़ में येलो अलर्ट है। इन क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवा और गरज-चमक की संभावना बनी हुई है।












