अमेठी, 15 अप्रैल।
अमेठी जनपद के गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत चतुरीपुर मजरे मऊ गांव में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब ग्रामीणों ने नहर किनारे खेत में एक युवती का शव देखा।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने सुबह नहर के किनारे खेत में युवती का शव पड़ा देखा, जिसकी पहचान 23 वर्षीय अनीता, पुत्री अवधेश प्रसाद दुबे, निवासी चतुरीपुर के रूप में की गई।

ग्रामीणों का कहना है कि युवती की किसी अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। शव उसके घर से लगभग सौ मीटर दूर नहर किनारे खेत में मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और उन्होंने तुरंत स्थानीय कोतवाली पुलिस को सूचित किया।
परिजनों के अनुसार अनीता ने शाम को खाना बनाकर सभी को खिलाया था और बर्तन धोने के बाद वह लेट गई थी। इसके बाद वह कैसे नहर किनारे पहुंची, इसकी किसी को जानकारी नहीं है।
बताया गया कि अनीता अविवाहित थी और अभी उसकी शादी नहीं हुई थी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू की और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है।
वहीं, मामले में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सहित पूरी टीम मौके पर पहुंच गई थी और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।
पुलिस ने कहा कि घटना की जांच हर पहलू से की जा रही है और परिजनों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई जा रही है, साथ ही जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।





.jpg)
.jpg)




.jpg)

.jpg)