श्योपुर, 17 अप्रैल।
श्योपुर जिले के विजयपुर क्षेत्र में गुरुवार की देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया, जब भात मांगने जा रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलट जाने से चार महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई और दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
हादसे के बाद सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विजयपुर में भर्ती कराया गया, जहां गंभीर रूप से घायल छह लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया, जिनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार गुर्जर समाज के महिला-पुरुष घूघस से झारबड़ौदा भात मांगने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर जा रहे थे, तभी खितरपाल एमएस रोड पर इंडेन गैस एजेंसी के पास तेज रफ्तार के कारण वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में ट्रॉली में सवार चार महिलाओं की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल फैल गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व वनमंत्री, एसडीएम, टीआई सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुटकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहायता की।
हादसे में जान गंवाने वालों में सरोज पत्नी मगन गुर्जर, सुनैना पत्नी कला गुर्जर, सीमा पत्नी कालू गुर्जर और गीता पत्नी घनश्याम गुर्जर शामिल हैं, जो सभी घूघस निवासी थीं।
वहीं दुर्घटना में उर्मिला पत्नी सुरेश, गिरिराज, गुड्डी पत्नी शंकर, हेमा पत्नी विजय सिंह, अनीता पत्नी अजवा, कमलेश पत्नी रूपा, सोनम पत्नी कुलदीप, उषा पत्नी सतीश, पूर्ति, कृष्णा, कांता सहित अन्य लोग घायल हुए हैं।
प्रशासन द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है, जिसमें प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और असंतुलन को मुख्य वजह माना जा रहा है। वाहन में महिलाएं, पुरुष और बच्चे सभी सवार थे और घायलों का उपचार जारी है।
पूर्व मंत्री ने मौके पर पहुंचकर शोक संतप्त परिवारों को सांत्वना दी और घायलों के परिजनों को 10-10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।



.jpg)


.jpg)





.jpg)
