रक्षा व सुरक्षा
14 Apr, 2026

नई रक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए दक्ष बनें युवा: राष्ट्रपति मुर्मु

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने युवाओं से आधुनिक सुरक्षा चुनौतियों के अनुरूप खुद को सक्षम बनाने का आह्वान करते हुए तकनीकी दक्षता और आत्मनिर्भरता पर जोर दिया।

गांधीनगर, 14 अप्रैल

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने रक्षा अध्ययन से जुड़े युवाओं को नई प्रकार की चुनौतियों के लिए खुद को सक्षम बनाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सुरक्षा का स्वरूप और अधिक जटिल होता जाएगा, जहां डिजिटल अरेस्ट, साइबर अपराध और फिशिंग जैसे खतरे तेजी से उभरकर सामने आए हैं।

गुजरात दौरे के समापन से पहले गांधीनगर स्थित राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने सुरक्षा के बदलते आयामों पर प्रकाश डाला। इस दौरान राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को विश्वविद्यालय द्वारा मानद डॉक्टरेट की उपाधि प्रदान की गई, जिसे राष्ट्रपति ने सम्मानपूर्वक प्रदान किया।

अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि देश के विकास और प्रगति के लिए आंतरिक सुरक्षा बेहद आवश्यक है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए देश को दक्ष और कुशल पेशेवरों की जरूरत होगी, जो सुरक्षा तंत्र को मजबूत बनाए रख सकें। उन्होंने इस दिशा में राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय की भूमिका की सराहना की।

राष्ट्रपति ने डिग्री प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों से कहा कि देश को ऐसे पुलिस अधिकारियों की आवश्यकता है, जो साइबर अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई कर सकें और उन्हें सजा दिलाने में सक्षम हों। साथ ही ऐसे फॉरेंसिक विशेषज्ञों की भी जरूरत है, जो न्यायालय में टिकाऊ साक्ष्य प्रस्तुत कर सकें। उन्होंने भू-राजनीति की समझ रखने वाले सक्षम पेशेवरों की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में राष्ट्रीय सुरक्षा की अवधारणा में व्यापक बदलाव आया है। पहले जहां सुरक्षा का आकलन सीमाओं और पारंपरिक हथियारों तक सीमित था, वहीं अब इसमें प्रौद्योगिकी, डेटा सुरक्षा, तटीय सुरक्षा और कूटनीतिक पहलू भी शामिल हो गए हैं। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के प्रति विश्वास जताया।

राष्ट्रपति ने कहा कि देश की सुरक्षा केवल सैनिकों के पराक्रम पर निर्भर नहीं करती, बल्कि आधुनिक हथियारों की गुणवत्ता, उत्पादन, प्रशिक्षण और तकनीकी आत्मनिर्भरता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने संतोष व्यक्त किया कि सरकार इस दिशा में लगातार प्रयासरत है और स्वदेशी क्षमता को बढ़ावा देकर रक्षा क्षेत्र में आत्मविश्वास मजबूत कर रही है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

22° / 38°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़