धमतरी, 30 मार्च।
नगर निगम धमतरी की सामान्य सभा सोमवार को हंगामेदार माहौल में सम्पन्न हुई, जहां सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक के बीच शहर के विकास और मूलभूत सुविधाओं के विभिन्न एजेंडों पर चर्चा हुई।
बैठक की शुरुआत महापौर रामू रोहरा और पार्षदों के पहुंचते ही हुई, लेकिन भाजपा के कमल चिन्ह वाले गमछे को लेकर कांग्रेस पार्षदों ने आपत्ति जताई। विवाद के बाद सभापति के हस्तक्षेप पर माहौल शांत हुआ और राष्ट्रगान व राजकीय गीत के साथ बैठक औपचारिक रूप से शुरू हुई।
सत्र में पार्षदों ने विभिन्न प्रश्न उठाए। कांग्रेस पार्षद रामेश्वरी कोसरे ने प्लेसमेंट कर्मचारियों की भर्ती एवं छंटनी पर सवाल किया, जिसका जवाब एमआईसी सदस्य हिमानी साहू ने दिया। भाजपा पार्षद हेमंत बंजारे ने जल आपूर्ति और निर्माणाधीन वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की जानकारी ली। सदन में मुक्तिधाम स्वीकृति और अन्य विषयों पर भी चर्चा हुई। प्रश्नकाल के बाद कई प्रस्ताव बहुमत और ध्वनिमत से पारित किए गए।

महापौर ने वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश किया, जिसमें कुल आय 62,013.23 लाख और कुल व्यय 61,953.52 लाख रखा गया, जिससे 59.71 लाख का अधिशेष सामने आया। विपक्ष के विरोध और नारेबाजी के बीच बजट पारित किया गया। निगम में भाजपा के 27, कांग्रेस के 8 और 5 निर्दलीय पार्षद हैं, लेकिन कम संख्या के बावजूद विपक्ष ने जनहित और विकास के मुद्दों पर मुखर विरोध दर्ज कराया।

बजट में शहर के विकास कार्यों पर विशेष जोर दिया गया। हाईटेक बस स्टैंड निर्माण की निविदा पूरी होने की जानकारी दी गई। सड़क निर्माण में सिहावा चौक से कोलियारी नहर नाका पुल तक 59.06 करोड़, रत्नाबांधा रोड से कॉलेज मोड़ तक 42.41 करोड़ और एनएच-30 से हरफतराई रोड तक 2.76 करोड़ का प्रावधान किया गया। ऑडिटोरियम सह-व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स (6.93 करोड़), इंडोर स्टेडियम मल्टीपरपज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स (4.69 करोड़) और कांटा तालाब में चौपाटी निर्माण (1.96 करोड़) को भी बजट में शामिल किया गया।











