भोपाल, 03 अप्रैल 2026।
भोपाल। गोविंदपुर थाना क्षेत्र में भेल के खंडर क्वार्टर में शराब पार्टी कर रहे दो युवकों के साथ बुधवार शाम फिल्मी अंदाज में लूट की घटना हुई। इस वारदात का वीडियो सामने आने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया।
जानकारी के अनुसार, दो युवक सुनसान इलाके में शराब पी रहे थे, तभी अचानक दो बदमाश वहां पहुंचे। उनमें से एक बदमाश के हाथ में चाकू था और दूसरा पूरी वारदात का वीडियो बना रहा था। चाकू दिखाकर बदमाश ने युवकों को धमकाया कि जेब में जो कुछ है निकाल दो, नहीं तो जान से मार देंगे।
जब एक युवक विरोध करने की कोशिश करता है, तो बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की और चाकू के पिछले हिस्से से भी वार किया। पीड़ित डर के मारे गिड़गिड़ाते रहे, लेकिन बदमाशों ने उनकी नहीं सुनी।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आरोपियों ने नकदी, मोबाइल और गाड़ी की चाबी छीन ली। इसके बाद दोनों फरार हो गए।
पुलिस ने बताया कि फरियादी सौरभ मीणा (32) ने शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मुखबिरों की मदद से आरोपी सचिन उर्फ बच्ची की पहचान की है, जो बाणगंगा क्षेत्र का रहने वाला है और उसका आपराधिक रिकॉर्ड भी है।
गोविंदपुरा थाना प्रभारी अवधेश सिंह तोमर ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












