नई दिल्ली, 24 मार्च।
नई दिल्ली के महरौली इलाके में पुलिस ने चोरी की योजना बनाने और अंजाम देने वाले एक शख्स को उसकी पत्नी और बहन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपितों की पहचान करमवीर, उसकी बहन पलक और पत्नी राधिका उर्फ राधा के रूप में हुई है। जांच में उनके कब्जे से 5.2 लाख रुपये के आभूषणों की बिक्री के दस्तावेज सहित कई अन्य सामान बरामद किए गए हैं।
दक्षिण जिले के पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल ने बताया कि 16 मार्च को एक बंद मकान में चोरी की ई-एफआईआर दर्ज होने के बाद मामले की जांच शुरू की गई। शुरुआती जांच में पता चला कि पिछले 2-3 महीनों से यह गिरोह दिन के समय बंद घरों को निशाना बना रहा था। इंस्पेक्टर रितेश की देखरेख में पुलिस ने करीब 80-100 सीसीटीवी फुटेज की जांच की और तकनीकी निगरानी के जरिए मुख्य आरोपी करमवीर की पहचान की।
18 मार्च को गुप्त सूचना मिलने पर करमवीर को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसकी बहन पलक और पत्नी राधिका उर्फ राधा की संलिप्तता भी सामने आई और दोनों को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार तीनों मिलकर सुनियोजित तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।
अभियान में आरोपितों की निशानदेही पर 5.2 लाख रुपये के आभूषण बिक्री के दस्तावेज, एक लाख रुपये बैंक खाते में फ्रीज, एक लैपटॉप, दो मोबाइल फोन, चांदी की पायल-सिक्का सहित अन्य सामान बरामद हुआ। पुलिस मामले की आगे भी जांच कर रही है।












