कोलकाता, 12 मई।
पश्चिम बंगाल सरकार में नगर विकास एवं नगर निकाय मामलों के साथ-साथ महिला एवं बाल विकास विभाग का दायित्व मिलने के बाद मंत्री अग्निमित्रा पाल ने मंगलवार सुबह अपने विभागीय कार्यालय में पहुंचकर औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ पहली औपचारिक बैठक की, जिसमें विभिन्न योजनाओं और प्राथमिकताओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा उन्हें महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है और वह पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करेंगी। उन्होंने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन पर जो विश्वास जताया गया है, उसे वह जनहित में कार्य कर पूरा करने का प्रयास करेंगी।

उन्होंने आगे कहा कि नगर विकास, नगर निकाय प्रशासन तथा महिला एवं बाल कल्याण से जुड़े विभाग सीधे आम जनता के जीवन से जुड़े हुए हैं। शहरी विकास को गति देना, नगर सेवाओं में सुधार करना तथा महिलाओं और बच्चों के कल्याण से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू करना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
विभागीय बैठक के दौरान राज्य के विभिन्न नगर निकायों की वर्तमान स्थिति, विकास परियोजनाओं की प्रगति, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, सड़क व्यवस्था तथा शहरी बुनियादी ढांचे को लेकर विस्तार से समीक्षा की गई। साथ ही महिला सुरक्षा, पोषण, बाल कल्याण और सामाजिक विकास से जुड़ी योजनाओं पर भी चर्चा की गई।
मंत्री ने कहा कि आने वाले समय में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां और चुनौतियां सामने रहेंगी, लेकिन वह अधिकारियों और कर्मचारियों के सहयोग से जनहित में तेजी से कार्य करना चाहती हैं। उन्होंने राज्य की जनता से सहयोग और आशीर्वाद की भी अपील की।







.jpg)




.jpg)