फतेहपुर, 22 अप्रैल।
जनपद का कार्यभार संभालने के बाद नवागत जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स्य ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पत्रकारों से वार्ता करते हुए अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया। उन्होंने जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए अधिकारियों को प्रतिदिन दो घंटे कार्यालय में बैठकर आमजन की समस्याएं सुनने के सख्त निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचना चाहिए और शिकायतों का समाधान समयबद्ध तरीके से किया जाना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से अधिकारियों को सुबह 10 बजे से 12 बजे तक अपने कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर जनता की समस्याएं सुनने और उनका निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिकारी अपने कार्यालय में बैठकर आने वाली शिकायतों को गंभीरता से सुनें और उनका तुरंत समाधान करें। साथ ही सभी अधिकारियों को अपने सीयूजी नंबर सक्रिय रखने और आने वाले कॉल का संतोषजनक जवाब देने के निर्देश भी दिए गए हैं। विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार की शिकायतों की क्रॉस जांच कराने की बात भी कही गई है।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि बार-बार आने वाली शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए और जनता की समस्याओं के स्थायी समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि लोगों को सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।
अपने परिचय में उन्होंने बताया कि उन्होंने अपने प्रशासनिक करियर की शुरुआत आगरा से की थी। वे दो हजार पंद्रह बैच की उत्तर प्रदेश कैडर की आईएएस अधिकारी हैं और बरेली में नगर आयुक्त, हरदोई में मुख्य विकास अधिकारी, शासन में विशेष सचिव आबकारी तथा अतिरिक्त आयुक्त आवास सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुकी हैं।



.jpg)


.jpg)




