अमेरिका के दक्षिणी कैलिफोर्निया स्थित अर्काडिया शहर की महापौर एलीन वांग ने चीन के एजेंट के रूप में कार्य करने के आरोप स्वीकार करते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। अमेरिकी न्याय विभाग ने इस बात की पुष्टि की है कि उन्होंने आरोपों को स्वीकार किया है।
संघीय अभियोजकों के अनुसार, 58 वर्षीय एलीन वांग और उनके तत्कालीन मंगेतर याओनिंग माइक सन पर चीन सरकार के अधिकारियों के निर्देश पर अमेरिका में काम करने का आरोप लगाया गया है। माइक सन पहले ही अदालत में अपना अपराध स्वीकार कर चुके हैं और वर्तमान में चार साल की जेल की सजा काट रहे हैं। उन्हें दिसंबर 2024 में गिरफ्तार किया गया था और फरवरी में सजा सुनाई गई थी।
रिपोर्ट के अनुसार, एलीन वांग ने एक याचिका के माध्यम से अपने ऊपर लगे आरोपों को स्वीकार करने पर सहमति जताई है। इस अपराध के लिए उन्हें अधिकतम 10 वर्ष की जेल की सजा हो सकती है। उम्मीद है कि वह लॉस एंजिल्स की संघीय अदालत में भी अपना अपराध स्वीकार करेंगी।
एलीन वांग को नवंबर 2022 में अर्काडिया सिटी काउंसिल के लिए चुना गया था। यह पांच सदस्यीय शासी निकाय है, जिसमें महापौर का चयन बारी-बारी से किया जाता है।
अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, वांग और उनके सहयोगी याओनिंग माइक सन ने चीन जनवादी गणराज्य के साथ मिलकर काम किया। दोनों पर आरोप है कि उन्होंने एक वेबसाइट के माध्यम से चीन के हितों को बढ़ावा देने वाला प्रचार किया।
यह वेबसाइट ‘यूएस न्यूज सेंटर’ के नाम से संचालित थी, जो खुद को स्थानीय चीनी-अमेरिकी समुदाय के लिए समाचार स्रोत के रूप में प्रस्तुत करती थी, जबकि इसके जरिए कथित रूप से चीन समर्थित सामग्री प्रसारित की जाती थी।







.jpg)


