मध्य प्रदेश
12 May, 2026

भोपाल में इंडो-फ्रेंच इन्वेस्टमेंट कॉन्क्लेव का आयोजन, निवेश सहयोग पर बड़ा फोकस

भोपाल में आयोजित इंडो-फ्रेंच इन्वेस्टमेंट कॉन्क्लेव के माध्यम से मध्य प्रदेश और फ्रांस के बीच औद्योगिक, तकनीकी एवं निवेश सहयोग को नई दिशा देने पर विस्तृत चर्चा की जा रही है।

भोपाल, 12 मई।

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मंगलवार को इंडो-फ्रेंच इन्वेस्टमेंट कॉन्क्लेव का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें फ्रांस की प्रमुख कंपनियों के प्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है। इस आयोजन के दौरान राज्य में निवेश की संभावनाओं पर केंद्रित संवाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और विदेशी निवेशकों के बीच होगा।

अधिकारियों के अनुसार, मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में प्रदेश ने उद्योग, आधारभूत संरचना, नीति सुधार, लॉजिस्टिक्स, कौशल विकास तथा निवेश सुविधा जैसे क्षेत्रों में तीव्र गति से प्रगति की है, जिसके चलते वैश्विक स्तर की बड़ी कंपनियों का ध्यान मध्य प्रदेश की ओर आकर्षित हुआ है। भोपाल में आयोजित यह कॉन्क्लेव फ्रांस की प्रतिष्ठित कंपनियों और उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल की उपस्थिति के साथ बढ़ते विश्वास का परिचायक माना जा रहा है।

कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में आयोजित इस कार्यक्रम में फ्रांस के राजदूत, विभिन्न फ्रांसीसी औद्योगिक समूहों के प्रतिनिधि, वैश्विक कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारी, राज्य शासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा प्रदेश के उद्योग जगत के प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। इस आयोजन से मध्य प्रदेश और फ्रांस के बीच दीर्घकालिक औद्योगिक, तकनीकी एवं संस्थागत सहयोग के नए मार्ग प्रशस्त होने की संभावना है।

कार्यक्रम के माध्यम से फ्रांसीसी कंपनियों को प्रदेश के औद्योगिक वातावरण, निवेश अवसरों, नीति सहयोग तथा तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक ढांचे से अवगत कराया जाएगा। कॉन्क्लेव में कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण, ऑटोमोबाइल एवं इलेक्ट्रिक वाहन, उपभोक्ता वस्तुएं एवं खुदरा, रक्षा एवं विमानन, वैश्विक क्षमता केंद्र, औषधि एवं चिकित्सा उपकरण, नवीकरणीय ऊर्जा, वस्त्र उद्योग, पर्यटन एवं आतिथ्य जैसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

इस आयोजन में पारंपरिक निवेश संवाद के साथ तकनीकी हस्तांतरण, स्थानीय विनिर्माण, कौशल विकास, अनुसंधान सहयोग तथा संस्थागत साझेदारी पर भी विशेष चर्चा की जाएगी। लगभग 60 से 80 उद्योग प्रतिनिधियों की सहभागिता इस कॉन्क्लेव में प्रस्तावित है, जिनके साथ फ्रांसीसी कंपनियों के बीच द्विपक्षीय एवं सरकारी स्तर की बैठकें आयोजित होंगी।

मुख्य सत्र में राज्य की औद्योगिक नीतियों, निवेश प्रोत्साहन, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस तथा निवेश सुविधा प्रणाली पर विस्तृत प्रस्तुति दी जाएगी। “मध्य प्रदेश को सशक्त करना: नीति, साझेदारी और सतत निवेश के मार्ग” विषय पर पैनल चर्चा भी आयोजित होगी, जिसमें फ्रांस की प्रमुख कंपनियों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मुख्य सत्र को संबोधित करेंगे तथा राज्य की औद्योगिक दृष्टि और विकास रणनीति प्रस्तुत करेंगे।

मुख्यमंत्री की उपस्थिति में फ्रांसीसी कंपनियों द्वारा निवेश अभिरुचि पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे तथा महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान भी होगा। साथ ही मुख्यमंत्री और फ्रांसीसी प्रतिनिधियों के बीच विशेष एकल बैठकें भी प्रस्तावित हैं, जिनमें निवेश, तकनीकी सहयोग और दीर्घकालिक साझेदारी पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम के उपरांत फ्रांसीसी प्रतिनिधिमंडल भीमबेटका रॉक शेल्टर्स का भ्रमण करेगा।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़