सरकार व नीतियाँ
11 May, 2026

भोपाल में इंडो-फ्रेंच निवेश सम्मेलन, वैश्विक निवेश पर बड़ी पहल

भोपाल में आयोजित इंडो-फ्रेंच इन्वेस्टमेंट कॉन्क्लेव में फ्रांस की प्रमुख कंपनियां शामिल होंगी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वैश्विक निवेशकों से संवाद कर राज्य में निवेश संभावनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा करेंगे।

भोपाल, 11 मई।

भोपाल में मंगलवार, 12 मई को इंडो-फ्रेंच इन्वेस्टमेंट कॉन्क्लेव का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें फ्रांस की प्रमुख कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में मध्य प्रदेश में निवेश की संभावनाओं को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वैश्विक निवेशकों के साथ संवाद करेंगे और औद्योगिक अवसरों पर चर्चा करेंगे।

आयोजन से जुड़े अधिकारियों के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में प्रदेश ने उद्योग, अधोसंरचना, नीति सुधार, लॉजिस्टिक्स, कौशल विकास और निवेश सुविधा के क्षेत्र में तेज प्रगति की है, जिससे अंतरराष्ट्रीय कंपनियों का ध्यान प्रदेश की ओर आकर्षित हुआ है। इसी क्रम में फ्रांसीसी प्रतिनिधिमंडल की मौजूदगी बढ़ते निवेश विश्वास को दर्शाती है।

यह कॉन्क्लेव कुशाभाऊ अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में आयोजित किया जाएगा, जिसमें फ्रांस के राजदूत, प्रमुख उद्योग प्रतिनिधि, वैश्विक कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारी, राज्य के प्रशासनिक अधिकारी और उद्योग जगत के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसके माध्यम से मध्य प्रदेश और फ्रांस के बीच दीर्घकालिक औद्योगिक, तकनीकी और संस्थागत साझेदारी को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम में फ्रांसीसी कंपनियों को राज्य के औद्योगिक वातावरण, निवेश नीतियों, समर्थन प्रणाली और तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक ढांचे की जानकारी दी जाएगी। एग्रो प्रोसेसिंग, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रिक वाहन, उपभोक्ता वस्तुएं, रक्षा, एविएशन, वैश्विक क्षमता केंद्र, फार्मा, नवीकरणीय ऊर्जा, टेक्सटाइल, पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी जैसे क्षेत्रों पर विशेष फोकस रहेगा।

इसके साथ ही टेक्नोलॉजी ट्रांसफर, स्थानीय उत्पादन, कौशल विकास, शोध सहयोग और संस्थागत भागीदारी पर भी चर्चा की जाएगी। कई फ्रांसीसी कंपनियां पहले से मध्य प्रदेश में संभावनाएं तलाश रही हैं, जिनमें सनोफी, डसॉल्ट सिस्टम्स, डेकाथलॉन और सिस्ट्रा जैसी कंपनियों के साथ विभिन्न सहयोग प्रस्ताव शामिल हैं।

कॉन्क्लेव में फ्रांस की प्रमुख कंपनियों की भागीदारी भी प्रस्तावित है, जिससे निवेश प्रस्ताव, संयुक्त उद्यम, तकनीकी सहयोग और औद्योगिक विस्तार को गति मिलने की संभावना है। साथ ही लगभग 60 से 80 उद्योग प्रतिनिधियों की भागीदारी भी होगी, जिनके साथ बी-टू-बी और बी-टू-जी बैठकें आयोजित की जाएंगी।

मुख्य सत्र में मध्य प्रदेश की औद्योगिक नीतियों, निवेश प्रोत्साहन और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस पर प्रस्तुति दी जाएगी। साथ ही सतत निवेश पर आधारित विशेष पैनल चर्चा होगी, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. यादव फ्रांसीसी प्रतिनिधिमंडल के समक्ष राज्य की औद्योगिक दृष्टि और विकास रणनीति प्रस्तुत करेंगे।

मुख्यमंत्री की उपस्थिति में फ्रांसीसी कंपनियों द्वारा निवेश प्रस्ताव और महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन का आदान-प्रदान भी किया जाएगा। इसके अलावा मुख्यमंत्री और फ्रांसीसी प्रतिनिधियों के बीच वन-टू-वन बैठकें भी होंगी, जिनमें दीर्घकालिक साझेदारी और तकनीकी सहयोग पर चर्चा होगी।

फ्रांसीसी प्रतिनिधिमंडल पहले ही मध्य प्रदेश पहुंच चुका है और उसने जनजातीय संग्रहालय का भ्रमण कर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को समझा है। वहीं अगले दिन भीमबेटका रॉक शेल्टर्स का भ्रमण भी प्रस्तावित है, जिससे राज्य की ऐतिहासिक पहचान अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के सामने प्रस्तुत होगी।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

26° / 39°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़