नेपाल के प्रसिद्ध मुक्तिनाथ क्षेत्र को जोड़ने वाली सड़क मंगलवार सुबह हुए भूस्खलन के कारण पूरी तरह से बाधित हो गई है। इस घटना के बाद मुक्तिनाथ दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालु और पर्यटक बीच मार्ग में फंस गए हैं।
जानकारी के अनुसार म्याग्दी जिले के अन्नपूर्णा क्षेत्र स्थित महभीर इलाके में भूस्खलन हुआ, जिसके चलते मुस्तांग को राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क से जोड़ने वाला बेनी–जोमसोम–कोरला सड़क मार्ग अवरुद्ध हो गया। यही मार्ग सीधे मुक्तिनाथ क्षेत्र तक पहुंचता है।
भूस्खलन में बड़े पैमाने पर पत्थर और कीचड़ आने से 76 किलोमीटर लंबे बेनी–जोमसोम सड़क खंड पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। इसके कारण बेनी से मुस्तांग और जोमसोम से बेनी की ओर जाने वाले वाहन मार्ग में ही फंस गए हैं। इनमें अधिकतर वे श्रद्धालु और पर्यटक शामिल हैं जो मुक्तिनाथ मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे।
मुस्तांग जिला पुलिस कार्यालय के प्रवक्ता के अनुसार सड़क को पुनः चालू करने के लिए सड़क विभाग के उपकरणों की मदद से लगातार कार्य किया जा रहा है और मार्ग खोलने के प्रयास जारी हैं।








.jpg)


