काठमांडू, 12 मई
नेपाल की राजधानी काठमांडू से तीर्थ यात्रा कर लौट रहे भारतीय श्रद्धालुओं का वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें 9 भारतीय नागरिक घायल हो गए। यह हादसा सोमवार देर रात 2:10 बजे मकवानपुर जिले के इन्द्रसरोवर क्षेत्र स्थित लामबगर के सिस्नेरी–दक्षिणकाली मार्ग पर हुआ।
पुलिस के अनुसार, काठमांडू से हेटौंडा की ओर जा रही बा.प्र.०१–०३३ च ५२५८ नंबर की ईवी गाड़ी का ब्रेक फेल हो जाने के कारण यह दुर्घटना हुई। घटना की जानकारी मिलते ही खानीखेत और सिस्नेरी क्षेत्र से पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
वाहन में चालक सहित कुल 11 लोग सवार थे, जिनमें 9 भारतीय नागरिक और 2 नेपाली नागरिक शामिल थे। हादसे में भारत के बिहार राज्य के दरभंगा निवासी 60 वर्षीय राम विनय झा, 70 वर्षीय निर्मला देवी और 55 वर्षीय अनिता देवी को गंभीर चोटें आई हैं। तीनों के सिर में चोट लगने की पुष्टि की गई है।
गंभीर रूप से घायल यात्रियों को प्रारंभिक उपचार के बाद मंगलवार सुबह भरतपुर स्थित चितवन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। अन्य घायलों में 56 वर्षीय प्रझा देवी के बाएं हाथ, 52 वर्षीय रुद्रकुमारी झा के दाहिने पैर तथा 74 वर्षीय छत्रधर चौधरी के दोनों हाथों में चोट आई है।
इसके अलावा 67 वर्षीय हम्रानाथ झा, 66 वर्षीय अमरनाथ झा और 42 वर्षीय अनिता झा भी इस हादसे में घायल हुए हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद काठमांडू भेजा गया, जहां उनका इलाज अलका अस्पताल में चल रहा है।
मकवानपुर जिला पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, वाहन चालक धनुषा जिले के लक्ष्मीनिया निवासी लगभग 30 वर्षीय पिन्टू सिंह को हिरासत में लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।








.jpg)


