21 मार्च, लखनऊ।
राजधानी लखनऊ में ईद-उल-फितर का पर्व शांतिपूर्ण और उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर ऐशबाग ईदगाह में बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज़ अदा की। यहां समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव, भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय सहित विभिन्न दलों के नेता पहुंचे और लोगों को ईद की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देश में शांति, सद्भाव और आपसी भाईचारे को मजबूत करने की अपील भी की। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूरे प्रदेश में त्योहार शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।
ऐशबाग ईदगाह में सुबह करीब 10 बजे नमाज़ अदा की गई, जिसमें 50 हजार से अधिक लोग शामिल हुए। भीड़ अधिक होने के कारण ईदगाह परिसर के साथ-साथ आसपास के रास्तों पर भी नमाज़ियों की कतारें नजर आईं। इस दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि आपसी मेलजोल और भाईचारा समाज की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि जैसे हाल ही में होली मिलकर मनाई गई, उसी तरह ईद भी एकजुटता के साथ मनाई जा रही है, जो देश की साझा संस्कृति को दर्शाता है। उन्होंने विश्व में चल रहे संघर्षों के समाप्त होने की कामना करते हुए कहा कि शांति और सहयोग से ही देश और समाज आगे बढ़ सकता है।
इस मौके पर डॉ. दिनेश शर्मा ने भी लोगों को ईद की बधाई देते हुए कहा कि यह पर्व प्रेम और एकता का प्रतीक है और दुनिया में शांति का संदेश देता है। उन्होंने ऐशबाग ईदगाह और रामलीला मैदान के ऐतिहासिक महत्व का भी उल्लेख करते हुए कहा कि यहां की परंपरा आपसी सौहार्द का उदाहरण है। कार्यक्रम में पूर्व सांसद रीता बहुगुणा जोशी समेत अन्य जनप्रतिनिधि और धर्मगुरु भी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति के बीच त्योहार हर्ष और सौहार्द के माहौल में मनाया गया।











