काठमांडू, 30 जुलाई।
नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने सुनसरी जिले और आसपास के क्षेत्रों में हाल में उत्पन्न तनावपूर्ण परिस्थितियों पर चिंता व्यक्त करते हुए देशवासियों से सामाजिक सौहार्द, धार्मिक सहिष्णुता और राष्ट्रीय एकता बनाए रखने की अपील की है।
राष्ट्रपति पौडेल ने गुरुवार को जारी संदेश में कहा कि नेपाल की पहचान सदियों से चली आ रही सामाजिक, धार्मिक और जातीय सद्भावना, आपसी मेल-मिलाप और भाईचारे की परंपरा से बनी है। उन्होंने राजनीतिक दलों, नागरिक समाज और आम नागरिकों से इस परंपरा को मजबूत बनाए रखने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों को जल्द सामान्य करने, शांति व्यवस्था बहाल करने और नागरिकों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के लिए सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है। राष्ट्रपति ने लोगों से अपील की कि वे स्थिति को और जटिल न बनने दें तथा समाज में एकता, मित्रता और सहिष्णुता बनाए रखें।
राष्ट्रपति पौडेल ने घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी पक्षों से सतर्क रहने की अपील की।
उन्होंने घटना में जान गंवाने वालों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

















