जबलपुर, 30 जुलाई।
सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए जबलपुर जिले में डिस्ट्रिक्ट हाईवे सेफ्टी टास्क फोर्स का गठन किया गया है। यह कार्रवाई उच्चतम न्यायालय के आदेश और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के निर्देशों के पालन में की गई है।
जिला दंडाधिकारी एवं कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने गुरुवार को टास्क फोर्स के गठन का आदेश जारी किया। इस 33 सदस्यीय टीम का उद्देश्य जिले में राष्ट्रीय राजमार्गों और प्रमुख सड़कों पर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी, दुर्घटनाओं की रोकथाम और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाना होगा।
टास्क फोर्स में अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट रविशंकर राय और नीता राठौर, जिले के सभी तहसीलदार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात अखिलेश तिवारी तथा उप पुलिस अधीक्षक यातायात संतोष शुक्ला एवं वैजनाथ प्रजापति को शामिल किया गया है।
इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के प्रोजेक्ट डायरेक्टर, लोक निर्माण विभाग के संभागीय कार्यपालन यंत्री, राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्यपालन यंत्री, एमपीआरडीसी के सहायक महाप्रबंधक, नगर निगम के अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव और उपायुक्त मनोज श्रीवास्तव भी टीम के सदस्य होंगे।
जिले के सभी नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवीन कोठारी और क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी रिंकू शर्मा को भी टास्क फोर्स में शामिल किया गया है।
टास्क फोर्स सड़क दुर्घटनाओं के कारणों की पहचान, ब्लैक स्पॉट की समीक्षा, यातायात व्यवस्था में सुधार और सड़क सुरक्षा मानकों के प्रभावी पालन की दिशा में काम करेगी।

















