अनूपपुर, 30 जुलाई।
मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के बिजुरी थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर से बैटरी चोरी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी अपने ससुर के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देता था।
जानकारी के मुताबिक, 23 जुलाई की रात डूंगरियाकला निवासी अमित कुमार श्रीवास्तव के घर के आंगन में खड़े ट्रैक्टर से बैटरी चोरी हो गई थी। ट्रैक्टर मालिक ने पहले अपने स्तर पर बैटरी की तलाश की, लेकिन पता नहीं चलने पर 29 जुलाई को बिजुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत में अमित कुमार ने राहुल रावत और उसके ससुर चरकू कोल पर चोरी का संदेह जताया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि चोरी की घटना को राहुल रावत और चरकू कोल ने मिलकर अंजाम दिया था।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 23 वर्षीय राहुल रावत पुत्र मैकू कोल, निवासी कोतमा इस्लामगंज को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया है। वहीं, दूसरा आरोपी चरकू कोल अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
विवेचक एएसआई प्रभाकर पटेल ने बताया कि दोनों आरोपी रिश्ते में ससुर-दामाद हैं और इनके खिलाफ बिजुरी, कोतमा तथा भालूमाड़ा थानों में चोरी के अन्य मामले भी दर्ज हैं। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।

















