जयपुर, 30 जुलाई।
हरमाड़ा थाना क्षेत्र में पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के एटीएम को तोड़कर नकदी चोरी करने की कोशिश पुलिस की सतर्कता से नाकाम हो गई। बदमाश एटीएम के कैश बॉक्स तक पहुंच गए थे, लेकिन पुलिस गश्त की आहट मिलते ही बिना नकदी ले जाए मौके से फरार हो गए।
थानाधिकारी नरेंद्र भड़ाना के अनुसार, घटना बुधवार-गुरुवार की मध्यरात्रि करीब 12 बजे की है। बदमाश एटीएम बूथ में घुसे और मशीन का लॉक तोड़कर कैश बॉक्स खोलने का प्रयास किया। इसी दौरान हरमाड़ा थाना पुलिस नियमित गश्त करते हुए वहां पहुंची, जिसकी भनक लगते ही आरोपी वारदात अधूरी छोड़कर भाग निकले।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बैंक प्रबंधन को बुलाकर घटनास्थल की जांच की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बदमाशों ने एटीएम से नकदी निकालने की पूरी तैयारी कर ली थी, लेकिन पुलिस की सक्रियता के कारण बड़ी चोरी टल गई।
पुलिस ने एटीएम बूथ और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की जांच जारी है।

















