जयपुर, 30 जुलाई।
राजधानी जयपुर में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत क्राइम ब्रांच की सीएसटी टीम ने जवाहर नगर थाना क्षेत्र में संचालित एक फर्जी कॉल सेंटर का खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से कॉल सेंटर संचालक सलमान सहित 11 युवक-युवतियों को पकड़ा है।
पुलिस के अनुसार, यह फर्जी कॉल सेंटर सिंधी कॉलोनी स्थित रॉयल अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल पर संचालित किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 15 कंप्यूटर, दो लैपटॉप और नौ मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
विशेष पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश ने बताया कि कॉल सेंटर के जरिए राजस्थान समेत अन्य राज्यों के लोगों को ई-मित्र आईडी और ई-मित्र से जुड़ी सेवाओं के नाम पर रोजगार दिलाने का झांसा दिया जाता था। आरोप है कि लोगों से पैसे लेने के बाद उन्हें न तो रोजगार दिया गया और न ही बताई गई सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
पुलिस उपायुक्त (अपराध) संजीव नैन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने प्रत्येक व्यक्ति से 40 हजार से 70 हजार रुपये तक की राशि वसूली। यह कॉल सेंटर पिछले दो से तीन वर्षों से संचालित होने की जानकारी मिली है।
पुलिस अब जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फॉरेंसिक जांच करा रही है। इसके अलावा ठगी की कुल राशि, पीड़ितों की संख्या और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

















